Sunday, January 26, 2020

प्लान, बैठक और निर्देशों में सिमट रहा चित्रकूट का विकास

 फिर जिलाधिकारी ने दिए तीन दिन में अतिक्रमण हटाने के निर्देश 
- पहली बार 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने परिक्रमा पथ का अतिक्रमण हटाने के दिए थे निर्देश 
- दिन भर दो पहिया व चार पहिया वाहनों के परिक्रमा पथ पर दौड़ने से श्रद्वालुओं को होती है परेशानी 
संदीप रिछारिया
 भविष्य के विकसित पर्यटन क्षेत्र के विकास का ताना बाना अब तेजी से बुना जा रहा है। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम बार-बार चित्रकूट आने का बनता और कैंसिल हो रहा है। भाजपा के मंत्रियों और नेताओं के मुंह से लगातार मोदी और योगी की यह तारीफ निकल रही है कि चित्रकूट का उन्हें ध्यान है, इसका विकास सर्वोपरि है। पिछले तीन सालों से डिफकेंस काम्रीडोर व एक्सप्रेस वे का हल्ला है। भारत माला प्रोजेक्ट, रामवन पथ गमन का भी शोर बहुत किया गया, पर अभी तक किसी भी प्रोजेक्ट का प्रारंभ जमीन पर नही हो सका। अलबत्ता अधिकारियों व नेताओं के मुंह से जमीन खरीदने की बात जरूर सुनी और सुनाई जाती है।
चित्रकूट के वास्तविकता में विकास की बात की जाए तो यह काम सबसे पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने किया था। पांच दिवसीय चित्रकूट प्रवास के पहले ही उन्होंने तमाम ऐसेे काम 2005 में करवा दिए थे जिसकी कल्पना भी उस समय करना बेमानी थी। इसके बाद विकास के तमाम सोपानों को आगे बढाने का काम उनके पुत्र अखिलेश यादव ने किया। वर्तमान परिक्रमा पथ का स्वरूप मुलायम सिंह यादव का है, जबकि रोप वे व शिवरामपुर, बेडीपुलिया व भरतकूप से आने वाली सुन्दर फोन लेन सड़कें बनाने काम अखिलेश यादव ने किया था। यह बात दीगर है कि अब उन्हीं कामों को योगी जी अपना बताकर वाहवाही लूट रहे हैं।
वैसे चित्रकूट को और ज्यादा मनोरम बनाने का दावा मुख्यमंत्री जी का है, वे लगातार प्रयास कर भी रहे हैं। लखनउ के अधिकारी भी लगातार बैठकें कर निर्देश देकर अपने नंबर बढवाने का काम कर भी देते हैं, स्थानीय स्तर पर भी अधिकारियों ने यही काम करने का इरादा कर रखा है। लगातार बैठक, निर्देश का क्रम चल रहा है, पर कहीं पर भी वास्तविकता में काम होता नही दिखाई दे रहा है। यही हाल पुलिस व्यवस्था का है। अमावस्या पर दुकानदारों को हडकाने के अलावा पुलिस के पास कोई काम नही है। दिन ीार परिक्रमा पथ पर चार पहिया वदो पहिया वाहन दौड़ते रहते हैं। लोगों व बंदरों को घायल करते रहते हैं। रविवार की सुबह रानीपुर भटट में मिनरल वाटर सप्लाई करने वाली एक गाड़ी ने बरहा के हनुमान जी के समीप परिक्रमा पथ पर एक अंधे साधू व चार महिलाओं को घायल करने का काम किया। इस दौरान जब भागकर वहा पर प्रधानपति अरूण त्रिपाठी पहुंचे और उन्होंने उससे कहा कि आप परिक्रमा पथ के अंदर अपनी चार पहिया गाड़ी लेकर कैसे आए तो उन्होंने एक पूर्व सांसद का नाम लेकर धौस दिखाने का प्रयास किया। काफी देर की बतरसी के बाद जब पूर्व सांसद को फोन लगाया गया तो उन्होंने उसको पहचानने से इंकार कर दिया।
परिक्रमा पथ के अतिक्रमण को हटाने के नाम पर कई बार नोटिस जारी की गई। अस्थायी नोटिस जारी करने के नाम पर परिक्रमा पथ पर ब्रेंचों में छोटा मोटा सामान रखकर बेंचने वालों को पुलिस व राजस्व कर्मियों की प्रताडना का शिकार लगातार होना पड़ रहा है। परिक्रमा पथ के किनारे लगातार अवैध रूप से पक्के निर्माण हो रहे हैं उन पर किसी का भी ध्यान नही जाता। जलेबी वाली गली हो या फिर खोही के अंदर की रोड पक्के निर्माणों से रास्ता संकरा होता जा रहा है। सफाई की व्यवस्था भी लचर है। सूरज उगने के बाद ही सफाई कर्मी काम पर आतेे और साफ करते हैं।
अधिकारियों से बात करने पर निर्देश देने की बात सामने आती है। हैरत की बात यह है कि राज्य मंत्री लोक निर्माण विभाग चित्रकूट होने पर प्रतिदिन परिक्रमा लगाते हैं और तमाम ऐसी समस्याएं उन्हें दिखाई नही देती। इसको लेकर स्थानीय जनसमुदाय का रूख उनके प्रति अच्छा नही है। संत त्यागी जी महराज कहते हैं कि परिक्रमा पथ पर वाहन किसी भी हालत में चलने नही देना चाहिए। यहां पर बाजारीवाद बहुत बढ़ गया है। चार पहिया व दो पहिया से परिक्रमा लगाने के लिए अलग से पथ का निर्माण कराना चाहिए। पुलिस को चाहिए कि हर 100 मीटर में एक जवान की डयूटी लगाए और वह जवान दो पहिया व चार पहिया वाहन चालकों का चालान करने के साथ ही वाहनों को जब्त करने का भी काम करे। इस नियम का कड़ाई से पालन करने पर ही परिेक्रमा पथ पर वाहनों का प्रवेश बंद हो पाएगा।





Thursday, January 23, 2020

चमत्कार: बिना पार्किंग के खड़ी होती है हजारों गाड़ियां







विश्व प्रसिद्व धार्मिकस्थल चित्रकूट का तेजी से गौरव बढ़ाने का काम अब सरकार कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा घोषित व बिड कराई गई फोर लेन सड़कें लगभग तैयार हो चुकी हैं। हैरत की बात यह है कि चित्रकूट महायोजना 2020 में जहां बेडीपुलिया से लेकर सीतापुर पर्यटक तिराहे तक के क्षेत्र को होटलों व लाॅजों के लिए घोषित किया गया था, वहीं होटल व लाॅजों के चलाने के लिए कुछ नियमन भी तय किए गए थे। इनमें सबसे प्रमुख नियम पार्किंग का था। 


 लेकिन सदियों से चित्रकूट में आने वाले यात्रियों के वाहन खड़े करने के लिए प्रशासन ने कभी भी वाहन पार्किंग स्टैंड के लिए विचार नही किया। पिछले दस सालों में चित्रकूट में होटलों व लाॅजों की संख्या में तो तेजी से वृद्वि हुई है, पर किसी भी होटल या लाॅज वाले ने पार्किंग का निर्माण सही रूप में नही करवाया है। चित्रकूट में प्रतिदिन आने वाले सैकड़ों चार पहिया व छह पहिया वाहन सडक के किनारे और सड़कों पर ही पार्क होते दिखाई देते हैं। हैरत की बात यह है कि 6 मई 1997 को चित्रकूट के जिला बनने के बाद अभी तक दर्जनों जिलाधिकारी आकर चले गए और किसी ने भी उप्र क्षेत्र में पार्किंग के विषय में नही सोचा और न ही प्रस्ताव किया। 
गौरतलब है कि साल की 12 अमावस्या में लगभग 10 अमावस्या भारी भीड वाली होती है। जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्वालु आते हैं और हजारों की संख्या में वाहन, इन वाहनों को मठ मंदिर या होटल लाॅजों के बाहर खडा होता आराम से देखा जा सकता है। वैसे अब तो रामायण मेला परिसर के पास व अन्य स्थानों पर यात्रियों के द्वारा की जाने वाली अराजकता को आराम से देखा जा सकता है, ज बवह बीच सडक पर ही कब्जा कर खाना इत्यादि बनाना प्रारंभ कर देते हैं। प्रशासन मेला के समय एक दो दिन के लिए लोगों के खेतों पर अस्थायी तौर पर स्टैंडों का निर्माण करा देता है, लेकिन यह व्यवस्था लगातार होनी चाहिए। सूत्रों बताते हैं कि चित्रकूट में अभी तक तमाम जमीनें ग्राम समाज व सरकारी पड़ी हैं, जिन पर अवैध कब्जे हैं। लेकिन भूमाफियाओं के चलते उन पर कभी भी किसी निर्माण के लिए प्रशासनिक अधिकारी तैयार नही हुए।

कानपुर से आए अनुज दीक्षित, राजू सराफ आदि लोगों ने कहा कि होटलों में रूकने के बाद भी पार्किंग की व्यवस्था न होना अत्यंत दुखदायी है। कामदगिरि मुख्य द्वार पर तो मध्य प्रदेश की नगर पंचायत के लोग सड़क पर वाहन खडा कराकर पार्किंग शुल्क वसूल लेते हैं। ऐसा नही होना चाहिए। लोगों ने कहा कि मप्र में कामतानाथ, अनुसुइया, गुप्त गोदावरी, स्फटिक शिला में हर जगह अलग -अलग पार्किंग का पैसा लिया जा रहा है। यह भी गलत है। लोगों ने चित्रकूट जैसे अलौकिक आभा वाले धार्मिक पर्यटन क्षेत्र को दो प्रदेशों में बंटा होना भी गलत बताया। कहा कि इसे मुक्त क्षेत्र घोषित होना चाहिए। 

Sunday, January 19, 2020

राहू के प्रकोप से ग्रसित है धर्मनगरी की कुंडली

 ! 

- प्रधानमंत्री बनने के बाद एक बार भी मोदी नहीं आए चित्रकूट
- पिछले साल दो बार कैंसिल हो चुके हैं केंद्रीय मंत्रियों के कार्यक्रम 

संदीप रिछारिया 

गौरतलब है कि पिछली एनडीए सरकार में चित्रकूट को विकसित बनाने के लिए रक्षा कोॅरीडोर व बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे की सौगात दी गई थी। घोषणा की गई थी कि यहां पर गोली से लेकर गोला तक का निर्माण करने के लिए रक्षा की इकाइयां लगेगीं। पहाडी के पास 3000 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण भी कर लिया गया। इसी प्रकार बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे को चित्रकूट जनपद के भरतकूप से प्रारंभ होकर बांदा, महोबा, हमीरपुर, उरई होते हुए औरैया जनपद में लखनउ- दिल्ली एक्सप्रेस वे से मिलना था। इसके लिए भी जमीन का अधिग्रहण होने के बाद 4 कंपनियों को बिड भी हो चुकी है।
वैसे तो प्रधानमंत्री का कार्यक्रम चित्रकूट की धरती पर आने का पिछले लगभग एक साल से बन रहा है, लेकिन शायद यह धर्मनगरी का दुर्भाग्य है कि उनका आना यहां पर अभी तक नहीं हो पाया है।
                                                                                                                                                                   
जगदगुरू रामभद्राचार्य जी महराज के उत्तराधिकारी आचार्य रामचंद्र दास जी महराज कहते हैं कि चित्रकूट की कुंडली में कोई दोष नही है। तिथि, वार, लग्‍न और नक्षत्र जब तक पूर्ण रूप से ि‍किसी के साथ नही होते, तब तक कोई मंगल कार्य नही होता।
जब तक किसी व्यक्ति का भाग्य का उदय नही होता, तब तक चित्रकूट उसे नही बुलाता। जब तिथि, वार, ग्रह, नक्षत्र आदि सब अनुकूल होंगे तो प्रधानमंत्री जी हों या फिर अन्य विशेष महानुभाव चित्रकूट अवश्य आएंगे।

श्री कामदगिरि प्रमुख द्वार के संत मदनदास महराज कहते हैं कि  वैसे तो चित्रकूट का दोहा है कि जेहि पर विपदा
 परत है, सो आवत यहि देश। लेकिन देश काल रीति के हिसाब से दोहों का अर्थ बदल जाता है। हम दूसरे मायने में यहभी कह सकते हैं कि चित्रकूट और मोदी जी के ग्रह आपस में नही मिल पा रहे हैं, जिससे उनका आना यहां पर हो सके। हमारी इच्छा है कि जल्द ही उनके चित्रकूट आने का संयोग बनेगा और यहां का विकास तेजी से होगा। हम तो यही आशा कर सकते हैं कि वह यहां पर जल्‍द आएं और धर्मनगरी के विकास की इबारत बडे स्‍तर पर लिखने की शुरूआत हो। हमारी मंगलकामना है ि‍कि जल्‍द ही इस तरह का सुयोग हो और श्री मोदी जी यहां पर पधारें।
 
जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय कहते हैं कि ये तो संयोग है। वह देश के सर्वोच्च पद पर बैठे राजनेता है । कार्यक्रम की मौखिक सूचना आई थी। हमने तैयारियां भी की थीं। इसके लिए भरतकूप क्षेत्र में तैयारियां भी कर ली गईं थी। लेकिन औपचारिक सूचना नही आने पर तैयारियां को रोक दिया गया। जब भी उनका कार्यक्रम बनेगा, फिर से सूचना आएगी और उनके स्‍वागत के लिए पूरा प्रबंध किया जाएगा।

Tuesday, November 14, 2017

शास्‍त्र ही नहीं शस्‍त्र की धनी भी है यह धरती,, हनुमानधारा में शहीद हुए थे हजारों संत

आदिकाल से धर्म की ध्वजा को विश्व में फैलाने वाला 'चित्रकूट' खुद में अबूझ पहेली है। तप और वैराग्य के साथ स्वतंत्रता की चाह में अपने प्राण का न्योछावर करने वालों के लिये यह आदर्श भूमि सिद्ध होती है। राम-राम की माला जपने वाले साधुओं ने वैराग्य की राह में रहते हुये मातृभूमि का कर्ज चुकाने के लिये अंग्रेजों की सेना के साथ दो-दो हाथ कर लड़ते-लड़ते मरना पसंद किया। लगभग तीन हजार साधुओं के रक्त के कण आज भी हनुमान धारा के पहाड़ में उस रक्तरंजित क्रांति की गवाह हैं।
बात 1857 की है। पूरे देश में अंग्रेजों के खिलाफ बिगुल बज चुका था। यहां पर तो क्रांति की ज्वाला की पहली लपट 57 के 13 साल पहले 6 जून को मऊ कस्बे में छह अंग्रेज अफसरों के खून से आहुति ले चुकी थी।
एक अप्रैल 1858 को मप्र के रीवा जिले की मनकेहरी रियासत के जागीरदार ठाकुर रणमत सिंह ने लगभग तीन सौ साथियों को लेकर नागौद में अंग्रेजों की छावनी में आक्रमण कर दिया। मेजर केलिस को मारने के साथ वहां पर कब्जा जमा लिया। इसके बाद 23 मई को सीधे अंग्रेजों की तत्कालीन बड़ी छावनी नौगांव का रुख किया। पर मेजर कर्क की तगड़ी व्यूह रचना के कारण यहां पर वे सफल न हो सके। रानी लक्ष्मीबाई की सहायता को झांसी जाना चाहते थे पर उन्हें चित्रकूट का रुख करना पड़ा। यहां पर पिंडरा के जागीरदार ठाकुर दलगंजन सिंह ने भी अपनी 1500 सिपाहियों की सेना को लेकर 11 जून को 1958 को दो अंग्रेज अधिकारियों की हत्या कर उनका सामान लूटकर चित्रकूट का रुख किया। यहां के हनुमान धारा के पहाड़ पर उन्होंने डेरा डाल रखा था, जहां उनकी सहायता साधु-संत कर रहे थे। लगभग तीन सौ से ज्यादा साधु क्रांतिकारियों के साथ अगली रणनीति पर काम कर रहे थे। तभी नौगांव से वापसी करती ठाकुर रणमत सिंह भी अपनी सेना लेकर आ गये। इसी समय पन्ना और अजयगढ़ के नरेशों ने अंग्रेजों की फौज के साथ हनुमान धारा पर आक्रमण कर दिया। तत्कालीन रियासतदारों ने भी अंग्रेजों की मदद की। सैकड़ों साधुओं ने क्रांतिकारियों के साथ अंग्रेजों से लोहा लिया। तीन दिनों तक चले इस युद्ध में क्रांतिकारियोंको मुंह की खानी पड़ी। ठाकुर दलगंजन सिंह यहां पर वीरगति को प्राप्त हुये जबकि ठाकुर रणमत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये। करीब तीन सौ साधुओं के साथ क्रांतिकारियों के खून से हनुमानधारा का पहाड़ लाल हो गया।
महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में इतिहास विभाग के अधिष्ठाता डा. कमलेश थापक कहते हैं कि वास्तव में चित्रकूट में हुई क्रांति असफल क्रांति थी। यहां पर तीन सौ से ज्यादा साधु शहीद हो गये थे। साक्ष्यों में जहां ठाकुर रणमत ंिसह के साथ ही ठाकुर दलगंजन सिंह के अलावा वीर सिंह, राम प्रताप सिंह, श्याम शाह, भवानी सिंह, सहामत खां, लाला लोचन सिंह, भोला बारी, कामता लोहार, तालिब बेग आदि के नामों को उल्लेख मिलता है वहीं साधुओं की मूल पहचान उनके निवास स्थान के नाम से अलग हो जाने के कारण मिलती नहीं है। उन्होंने कहा कि वैसे इस घटना का पूरा जिक्र आनंद पुस्तक भवन कोठी से विक्रमी संवत 1914 में राम प्यारे अग्निहोत्री द्वारा लिखी गई पुस्तक 'ठाकुर रणमत सिंह' में मिलता है।
भाइयो यह पुरानी स्‍टोरी है जो मैं आप सभी की विशेष जानकारी के लिए पोस्‍ट कर रहा हूं। आगे भी इस तरह की पुरानी स्‍टोरियां आप सभी को मिलती रहेंगी।

Thursday, April 4, 2013

राम नामी के दौरान गांव में आया विद्युत ट्रांसफार्मर

हमीरपुर, निज प्रतिनिधि : भरुआ सुमेरपुर ब्लाक के कैथी गांव में सोमवार का दिन खुशियों भरा रहा। गांव में पूर्व में बिजली के तार दौड़ने के बाद इस दिन ट्रांसफार्मर भी पहुंच गया। वहीं गांव के प्राचीन शिव मंदिर में लगातार 56वें दिन भी श्री राम नाम संकीर्तन जारी रहा।

हालांकि प्रधान पति वासुदेव निषाद ने यहां लाये गये ट्रांसफार्मर को खंभों पर रखवाने का पहले जूनियर इंजीनियर से विरोध किया और कहा कि गांव में एक ट्रांसफार्मर से काम नहीं चलेगा, यहां दो ट्रांसफार्मरों की जरूरत है। जूनियर इंजीनियर के बताने पर एक्सईएन ने मामला अपर जिलाधिकारी को बताया। एडीएम ने प्रधानपति से बात कर कहा कि गांव में कनेक्शनों की संख्या के हिसाब से ट्रांसफार्मर दिया जा रहा है। ट्रांसफार्मर रखने के बाद गांव में कैंप लगाकर बिजली का कनेक्शन चाहने वालों की संख्या जांचने के बाद जितने ट्रांसफार्मर की आवश्यकता होगी लगवा दिए जाएंगे। इधर, श्री राम नाम संकीर्तन में गडरिया गांव के शिव राज सिंह अपने दल-बल के साथ पहुंचे और उन्होंने लगभग तीन घंटों तक संकीर्तन में भाग लिया।

अन्य गांवों के लोग बढ़ा रहे उत्साह

हमीरपुर, निज प्रतिनिधि : भले ही क्षेत्रीय जन समस्याओं को लेकर राम नामी आंदोलन चला रहे कैथी वासियों की राम जप पर कोई खास काम नहीं हुआ और सत्ता में बैठे लोगों पर भी इसका असर नहीं पड़ रहा, पर लोगों के उत्साह में कमी नहीं दिख रही। उनकी आवाज़ों के दम से आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोग प्रतिदिन उत्साह बढ़ाने पहुंच रहे हैं।

भरुआ सुमेरपुर क्षेत्र के कैथी गांव के प्राचीन शिव मंदिर में रविवार को लगातार 55वें दिन राम धुन जारी रही। इस दिन गडरिया और गढ़ा गांवों से कई लोगों ने पहुंचकर न केवल रामधुन कर रहे लोगों का उत्साह बढ़ाया बल्कि खुद भी पांच से छह घंटे श्री राम नाम संकीर्तन महायज्ञ में अपनी आहुतियां डालीं। गांव के बुजुर्ग उम्मेद सिंह कहते हैं कि बाहर से आए लोगों का उत्साह देखकर आंखे छलक जाती हैं। बाहर से आने वाला हर व्यक्ति भोला के घर भी जाकर सांत्वना देता है। इससे भोला का परिवार गर्व से भर उठता है और यह हमारे गांव के लिए भी गौरव की बात है। सभी समुदायों के लोग दिन और रात में रामधुन में अपना सहयोग दर्ज करा रहे हैं।

राम धुन से विस्तारित हो रही है आंतरिक चेतना

हमीरपुर, निज प्रतिनिधि : न दंगा न फसाद और न ही मरने की धमकी, हम तो जिसके वंशज हैं उसके सामने अपनी समस्याओं का रोना रोते हैं। कुछ इस तरह के अंदाज लिए पिछले तिरपन दिनों से भगवान शिव के पुराने मंदिर पर उनके आराध्य देव विष्णु अवतार भगवान राम का नाम सुनाते समस्याओं के निदान की गुहार लगाने के साथ ही मुख्यमंत्री के गांव में दर्शन करने की आस से बैठे कैथी के ग्रामीण अब इस बात से बेपरवाह हैं कि कल क्या होगा बस वह तो इसी में मगन हैं कि कैथी एक ऐसा गांव बन चुका है जहां पर अब बिना निमंत्रण दिए लोग आ रह हैं और गांव में बैठकर राम राम कर रहे हैं।

भरुआ सुमेरपुर क्षेत्र के गांव कैथी के प्राचीन शिव मंदिर में राम धुन शुक्रवार को लगातार 53वें दिन भी जारी रही। इस दिन शाम को 4 बजे गांव में किसवाही गांव के पूर्व प्रधान प्रकाश सिंह अपने साथियों के साथ पहुंचे। लगभग दो घंटो तक राम धुन में भाग लेने के बाद कहा कि वास्तव में यह अनोखे किस्म का आंदोलन है। इस तरह के आंदोलन तो हर एक गांव में होने चाहिए। इस तरह से आंदोलन से न केवल आंतरिक चेतना विस्तारित होती है बल्कि प्रभु का नाम लेने से वातावरण भी शुद्ध होता है। गांव के उम्मेद सिंह, अरिमर्दन सिंह, विकास शिवहरे, सुदामा सिंह, महेन्द्र सिंह, बालेन्द्र सिंह आदि ने बताया कि प्रतिदिन दूसरे गांवों से लोग आते हैं व रामधुन में भाग लेते हैं। वह अपनी तरफ से रामधुन में सहयोग करने के लिए पेशकश भी करते हैं। तो उनसे कहा जाता है कि गांव की समस्त जातियों ने रात की जिम्मेदारी ले रखी है। वह जब भी चाहें आएं और राम नाम जप महायज्ञ में अपना सहभाग दर्ज करा सकते हैं।

भोला की तेरहवीं आज, दिन भर हुई तैयारी

हर आंख में आंसू हैं, पर काम करने में तेजी। कुछ ऐसा नजारा भोला के घर के आसपास दिखाई दिया। रामधुन करने वाले प्रत्येक व्यक्ति ने भोला के परिवार की गरीबी को देखते हुए न केवल आर्थिक मदद दी बल्कि अनाज व अन्य समान भी उपलब्ध कराया। भोला की तेरहवीं शनिवार को होगी।

चित्रकूट में दर्शन का महासंगम, विश्व शांति की दिशा में उभरा नया चिंतन

चित्रकूट: जब मंदाकिनी के तट पर विचारों की धारा बहती है, तब चित्रकूट केवल एक तीर्थ नहीं रहता—वह विश्व के बौद्धिक मंथन का केंद्र बन जाता है। त...