Thursday, April 4, 2013

अखिलेश की यादों को मुद्दतों सहेजकर रखने की तैयारी

हाकिम नकारा, हरि हर सहारा..

- कैथी गांव के शिव मंदिर में 18 दिनों से जारी है रामधुन

- मुख्यमंत्री के हाथों पीपल का पौधा लगवाने की ख्वाहिश

संदीप रिछारिया, हमीरपुर : भरुआ सुमेरपुर ब्लाक के ग्राम कैथी व उसके आस-पास बसे मजरों की लगभग छह हजार आबादी को 18 दिन राम जपते राम के नाम की ऐसी धुन लग गई है कि अब वह मंदिर में जाकर तो राम राम तो जप ही रहे हैं साथ ही बोवाई करते समय भी उनके मुंह में राम का ही नाम रहता है। इतना ही नही अब तो कैथी व आसपास के गावों में अभिवादन का तरीका भी बदल गया है। पहले लोग आपस में मिलने पर नमस्कार व नमस्ते का उपयोग करते थे पर अब वह जय राम जी की कहकर एक दूसरे को संबोधित करते हैं। गांव के बदले माहौल से जहां कैथी का हर एक शक्स फिदा है वहीं उन्हें इस बात की खुशी है कि आसपास गांव पंधरी, पारा, बिलखेरा, अकरैया, मौहर, धंधुपुर, किसवाही के साथ ही बांदा के जिले के गड़रिया जैसे गांवों के दर्जनों लोग शिव जी मंदिर पर आकर घंटों राम का नाम लेते हैं। सबसे हैरानी वाली बात तो यह है कि पहले जितना विश्वास मुख्यमंत्री के आने का कैथी के ग्रामीणों को था अब बाहर के गांवों से आने वालों के कारण विश्वास में और ज्यादा इजाफा होता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी हो गई पूरी, बृहमदेव को रोपित करवाने की मंशा जताते हुए गांव की प्रधान सरस्वती के पति वासदेव निषाद कहते हैं कि मुख्यमंत्री हमारे गांव में आएंगे। यह हमारा सौभाग्य होगा। हम उनके हाथों अपने गांव में पीपल का पौधा रोपित करवाएंगे जिससे उनके यहां पर आने की याद युगों युगों तक जीवित रहे।

गांव के उम्मेद सिंह व विकास शिवहरे कहते हैं कि मुख्यमंत्री की व्यवस्थाएं अलग से की जा रही हैं। कुटिया तैयार हो गई है। इसमें चौबीस घंटे राम राम करने के लिए एक व्यक्ति तैनात होगा। इसके साथ ही यहां पर ही एक पीपल का पेड़ उनके हाथों से लगवाया जाएगा। उसकी पूरा गांव सेवा करेगा और उनके आने की तारीख युगों तक याद रखी जाएगी।

इधर रामधुन तो उधर देवी के जयकारे

हाकिम नकारा, हरि हर सहारा..

- दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है कैथी गांव

- प्राचीन शिव मंदिर में 16 दिनों से जारी है राम धुन

हमीरपुर, निज प्रतिनिधि : भरुआ सुमेरपुर ब्लाक के कैथी गांव के लोगों का उत्साह चरम पर है। भगवान राम की कृपा के साथ ही देवी की कृपा भी उनके साथ जुट चुकी है। दशहरा के रोज बुधवार को देर शाम गांव में देवी प्रतिमा के समक्ष हवन पूजन हुआ। इसके साथ ही दिन भर कार्यकर्ता सामने की जमीन को चौरस करने व साफ करने के काम में जुटे रहे। यहां के प्राचीन शिव मंदिर में गुरुवार को लगातार 16वें दिन भी राम धुन जारी रही।

इधर गांव की हर दीवार पर श्री राम चरित मानस की चौपाइयां व जय श्री राम के नारे लिख दिये गए हैं। कई घरों में पताकाएं भी फहराती दिखाई दे रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अब उनकी राम राम की गूंज की अनुगूंज उन्हें साफ तौर पर सुनाई दे रही है। जल्द ही उनके बीच मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आएंगे और वह कृतार्थ होंगे।

इस बीच एक ग्रामीण के फोन पर बिजली विभाग के ठेकेदार ने फोन कर अधिशासी अभियंता पर आरोप लगाया कि वह गांव में लगाने के लिए समान नही दे रहे हैं और कह रहे हैं कि यह समान उन्हें उरई से लाना होगा। जिस पर ग्रामीण ने जवाब दिया कि गांव में बिजली के काम से उसे मतलब नही है क्योंकि अब पूरा गांव राम मय हो चुका है। इस समस्या पर बात अधिकारियों से करो।

फिलहाल छह-छह घंटे की शिफ्ट में गांव के शिव मंदिर में चल रही राम धुन में भीड़ जुट रही है। गांव की महिलाएं और बालिकाएं दिन में कई बार आकर रामधुन में भाग ले रही हैं।

अखिलेश के आगमन को तैयार हो रहा कैथी

हमीरपुर, निज प्रतिनिधि : भले ही सरकारी अमले को इस बात का भान न हो कि कैथी गांव के निवासियों ने समस्याओं से समाधान की ओर बढ़ने के पन्द्रह दिन और रात के पड़ाव पार कर लिए हों लेकिन ग्रामीण तो यह पूरी तरह से मान चुके हैं कि अब वह दिन दूर नही जब सूबे के मुखिया अखिलेश यादव उनके बीच होंगे। अखिलेश को राम और अपने आपको शबरी मानने वाले कैथी के ग्रामीणों ने इसके लिए पलक पांवड़े बिछाकर तैयारियां भी करनी प्रारंभ कर दी हैं। जहां पुराने शिव मंदिर में रामधुन लगातार जारी है वहीं दूसरी तरफ मां अम्बे का आर्शीवाद भी उन्हें लगातार मिल रहा है। इसी बीच मंगलवार की दोपहर गांव के बुजुर्ग, नौजवानों की एक बैठक सम्पन्न हुई। इसमें ग्राम प्रधान ने कहा कि पन्द्रह दिन बीत गए और गांव की समस्याओं को जानने का प्रयास अपर जिलाधिकारी रमेश चंद्र श्रीवास्तव व उप जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने किया और अपने स्तर पर समस्याओं के निस्तारण का प्रयास भी किया। इसके साथ ही विधायक निरंजन ज्योति ने भी गांव में आकर अपनी सफाई दी।

गांव के उम्मेद सिंह ने कहा कि वास्तव में हमारी कोई मांग ही नही है। हां एक अभिलाषा है कि गांव में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आएं और यहां पर चल रहे श्री राम नाम संकीर्तन महायज्ञ में भाग लें। लेकिन अब जब सरकारी अमला पूरी तरह से अपना काम करने में लगा है तो हमें भी गांव को पूरी तरह से राममय ही बनाना होगा। इस बात पर सभी ने अपना हाथ उठाकर ऐसा करने के लिए वचन दिया। तय किया गया कि गांव के हर घर में श्री राम चरित मानस की चौपाईयां लिखी जाएंगी व हर घर के ऊपर राम नाम के झंडे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही मंदिर के पास की जमीन को साफ कर वहां पर एक यज्ञ शाला का निर्माण किया जाएगा और वहां पर वेदिका बनाकर दिन रात एक व्यक्ति राम नाम का जाप करेगा। इस काम के लिए गांव की महिलाओं व बच्चियों ने भी सहभागिता देने की बात कही।

कैथी पहुंचीं विधायक ने राम के समक्ष दी सफाई

हाकिम नकारा, हरि हर सहारा..

- कैथी गांव के प्राचीन शिव मंदिर में लगातार 14वें दिन जारी रही राम धुन

- विधायक पर दो माह में बिजली दिलाने का वादा न पूरा करने का आरोप

हमीरपुर, निज प्रतिनिधि : धृष्टताओं का नमन पर आवरन, मंदिरों तक आ गए मैले चरन, मन कहां तक मूंद कर रखे नयन . कुछ इस तरह के अंदाज अब राम राम करते चौदह दिन बिताने वाले ग्राम कैथी के लोगों ने विधायक साध्वी निरंजन ज्योति को सामने देखकर दिखाए। उन्होंने विधायक से साफ तौर पर कहा कि वह तो अब अधिकारी और नेताओं को समस्याएं सुनाने से ऊपर हो गए हैं। अब उन्हें किसी को जरूरत नही है क्योंकि आप जिसका नाम लेकर जनसेवा कर रही हैं, हम भी उसी से अपने गांव की न केवल समस्याएं बल्कि आने वाले समय में गांव के विकास की गुहार लगा रहे हैं।

ग्रामीणों ने विधायक को चुनाव के समय किया गया वादा याद दिलाते हुए कहा कि आपने इसी मंदिर में खड़े होकर कहा था कि जीतने के बाद दो महीने में गांव के हर घर में बिजली जलेगी, पर ऐसा हुआ नही। हमें हर दर पर जाकर दस्तक देनी पड़ी। इसके चक्कर में लाखों रूपए तो बर्बाद हुए ही साथ ही काफी समय भी खराब हुआ। अब हाल यह है कि हम अपनी समस्याओं से मानसिक रूप से निजात पा चुके हैं और केवल भगवान के आसरे हैं। हां केवल एक अभिलाषा यह है कि हम अपने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को एक बार गांव में देखना चाहते हैं। आप विधायक हैं और उनसे आपकी मुलाकात होती है, अगर आप उनको गांव में ला सकें तो बात बन सकती है वर्ना हम तो भगवान का नाम ले ही रहे हैं। सोमवार को देर शाम पहुंची विधायक ने ग्रामीणों को पत्र दिखाते हुए कहा कि जीतने के बाद 18 जून को कैथी गांव की बिजली व सड़क मुद्दा विधानसभा में उठाया था। इसके बाद तीन जून को पहली बार उनका बजट आया जिसमें कैथी की 6 किलोमीटर सड़क बनाए जाने का प्रस्ताव दिया। बेचारगी जाहिर करते हुए कहा कि सपा के राज में अधिकारी नही सुनते तो क्या करूं। उन्होनें ग्रामीणों को बीमार होने का हवाला देते हुए कहा कि वह पहले ही गांव में आ जाती, पर वे काफी दिनों से बीमार हैं और पैर में भी चोट लगी है। ग्रामीणों ने कहा कि आपके कागज आपको मुबारक हों हम तो गांव की जमीन पर काम होता देखना चाहते हैं। वैसे गांव में सबके सामने विधायक ने अधिशाषी अभियंता विद्युत से बात कर एक की जगह दो ट्रासंफार्मर लगवाए जाने की बात कही।

इधर, अपर जिलाधिकारी रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि ग्राम कैथी की समस्याओं के निस्तारण के लिए लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण निगम, बिजली विभाग के साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र लिखा गया था। बिजली का काम प्रारंभ हो गया है। सेतु निर्माण निगम जल्द ही काम प्रारंभ कर देगा। पैमाइश हो गई है। इसके बाद लोक निर्माण विभाग भी सड़क बनाने का काम करेगा। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में एक स्वास्थ्य कार्यकर्ता की नियुक्ति कर दी है साथ ही संविदा के अन्तर्गत नियुक्त किए गए चिकित्सक की भी तैनाती किए जाने की बात चल रही है।

राम नाम का प्रभाव, होगा बिजली का 'प्रादुर्भाव'

हाकिम नकारा, हरि हर सहारा.. - कैथी गांव के शिव मंदिर में 12वें दिन लगातार जारी रही राम धुन

- गड़ने लगे बिजली के पोल, लोगों के दिलों में उछलीं बल्लियां

हमीरपुर, निज प्रतिनिधि : राम के नाम को महामंत्र यूं ही नहीं कहा जाता। पिछले बारह दिनों से राम नाम महामंत्र का सस्वर जाप कर रहे कैथी गांव के लोगों ने जैसे ही बिजली के खंभों को जमीन पर गाड़े जाते देखा दिल बल्लियों उछल गया। उम्मेद सिंह के साथ ही दर्जनों ग्रामीणों के मुंह से निकला कि भैया यह तो स्वामी कामतानाथ जी का प्रभाव है। उनका नाम लेकर राम का नाम लेने बैठे थे और अब आशा बलवती हो चली है कि आने वाली दीवाली अंधेरे में नही बीतेगी।

अब कैथी गांव की क्या आसपास के दर्जनों गांवों के लोग आकर राम नाम महामंत्र का जाप शिव मंदिर पर कर रहे हैं। लोग खुद ही कहते हैं कि जिस दिशा में कैथी गांव चल पड़ा है उसकी तरक्की होना सुनिश्चित है। ग्रामीण भी कहते हैं कि भले ही गांव की समस्याओं को लेकर हम भगवान का नाम लेने के लिए एक हो गए हैं पर अब आगे गांव से पार्टी बंदी का नामो निशान मिटा दिया जाएगा। हिंसा के लिए गांव में कोई जगह नही होगी। आपस के झगड़े गांव में ही सुलझाए जाएंगे। गांव के नवयुवकों ने कहा कि बड़ों का आदर व छोटों को प्यार हमारी परंपरा के अंग हैं। अब किसी को भी इसे तोड़ने की इजाजत नही दी जाएगी और बिना किसी सरकारी सहायता के इस गांव को व्यसन मुक्त के साथ आदर्श गांव बनाने की पहल की जाएगी।

महारुद्र के चौबारे पर राम नाम की गूंज

हाकिम नकारा, हरि हर सहारा.. - कैथी गांव के शिव मंदिर में लगातार 11वें दिन जारी रही राम धुन

- बिजली के तार गांव में पड़े, जल्द पोल लगा आपूर्ति देने की चर्चा

- पीडब्लूडी के जेई ने दिया सड़क का काम शुरू करने का आश्वासन

हमीरपुर, निज प्रतिनिधि : महाकाल के मंदिर में बैठे रामभक्तों की रामधुन की गूंज अब पूरी तरह से रवानी पर है। जहां एक तरफ इस मामले में पूरा गांव एक जुट है वहीं दूसरे गांव के लोग भी ग्रामीणों के इस राम नाम महायज्ञ की तारीफ करते नही अघाते हैं। फिलहाल कैथी गांव के शिव मंदिर में चौबीसों घंटे चलने वाले राम नाम संकीर्तन महायज्ञ में ग्रामीणों का बढ़ते उत्साह से आासपास के लोग भौचक हैं।

11 दिन बीतने के बाद भी कैथी के निवासियों के अनथके कदम आगे की ओर बढ़ रहे हैं। वैसे शुक्रवार को गांव में बिजली के तार विभाग ने पहुंचा दिए हैं। विभागीय सूत्र कहते हैं कि शायद एक दो दिन में पोल पहुंचने के बाद काम प्रारंभ कर पहले चरण में तीन किलोमीटर की लाइन दौड़ा कर बिजली की सप्लाई प्रारंभ कर दी जाएगी। जबकि दूसरे चरण में तीन किलोमीटर फिर नई लाइन बनाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी ग्रामीणों को बार बार फोन कर बता रहे हैं कि एक दो दिन में चंद्रावल नदी पर बने पुल पर बनने वाली सड़क का काम प्रारंभ करा दिया जाएगा। लेकिन ग्रामीण इस बात पर एक राय हैं कि चाहे कुछ भी हो जाए वह तो केवल अब मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को अपने गांव में देखना चाहते हैं।

गांव के विकास शिवहरे ने बताया कि सुमेरपुर से उनके पास लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर का फोन आया था। उनका कहना था कि अब कैथी गांव की उनकी सड़क जल्द ही बना दी जाएगी। एक दो दिन में काम प्रारंभ होने की उम्मीद जताई। अरिमर्दन सिंह ने बताया कि गांव में बिजली की तार तो लाकर डाल दी गई है। विभागीय अधिकारी गांव में आकर कह रहे थे कि कल परसों में खंभे भी आ जाएंगे और लाइन खींच दी जाएगी।

जानकी बल्लभ तुम्हें प्रणाम!

हमीरपुर, निज प्रतिनिधि : भरुआ सुमेरपुर विकास खंड के कैथी गांव के उत्सवी माहौल की छटा देखने गुरुवार को उप जिलाधिकारी सदर आई एएस आशुतोष निरंजन पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बात कर उनका दर्द जाना और फिर कार्यक्रम के रजिस्टर पर अपने अलफाज उकेर दिए। लिखा कि वास्तव में यहां पर पुल पर सड़क, बिजली और अस्पताल में चिकित्सक व स्टाफ की जरुरत है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इन समस्याओं का निदान करा दिया जाएगा। वैसे ग्रामीणों ने जहां गांव पहुंचने पर उनका स्वागत कर समस्याओं को देखने के लिए आभार व्यक्त किया वहीं राम नाम के संकीर्तन पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उधर पावर कारपोरेशन के अधिशाषी अभियंता ने अपने चिर परिचित अंदाज में गांव में तीन किलोमीटर डाली जाने वाली लाइन के काम को एक दो टरकाने की बात कही। कहा कि अभी लेबर की समस्या है। एक दो दिन में काम लगा दिया जाएगा।

दोपहर को बारह बजे के बाद कैथी गांव के पुराने शिव मंदिर पर चल रहे राम नाम संकीर्तन स्थल पर पहुंचे आईएएस आशुतोष निरंजन ने पहले तो ग्रामीणों से सभी समस्याओं पर बातचीत की और उसके बाद फिर उन्हें खुद के द्वारा लिखे गए पत्रों को दिखाया। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से गांव में डाक्टर व स्टाफ तैनात करने, अधिशाषी अभियंता पावर कारपोरेशन से बिजली लाइन डलवाकर गांव में बिजली जलवाने व अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग से चंद्रावल नदी पर बने पुल में सड़क बनाने के लिए लिखे गए पत्रों को दिखाया। ग्रामीणों कहा कि अब लगता है कि समस्याओं को निदान हो जाएगा। यह तो सब राम जी की कृपा से हो रहा है। इसके अलावा ग्रामीणों ने कहा कि उनकी अब कोई मांग है ही नही वह तो केवल गांव में एक बार अपने प्रिय मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के दर्शन करना चाहते हैं।

चित्रकूट में दर्शन का महासंगम, विश्व शांति की दिशा में उभरा नया चिंतन

चित्रकूट: जब मंदाकिनी के तट पर विचारों की धारा बहती है, तब चित्रकूट केवल एक तीर्थ नहीं रहता—वह विश्व के बौद्धिक मंथन का केंद्र बन जाता है। त...