Monday, February 17, 2020

कर्मघाट की कथा को नहीं मिलता कभी विश्रामः साध्वी कात्यायनी गिरि

 कथा बन रही है पयस्वनी नदी को जिंदा करने का आंदोलन 

चित्रकूट। अयोध्या आंदोलन के दो बड़े चेहरे महंत नृत्य गोपाल दास जी महराज व युगपुरूष संत परमानंद जी की शिष्या साध्वी कात्यायनी गिरि ने पयस्वनी नदी उद्गम स्थल ब्रहृमकुंड स्थित प्राचीन शनि मंदिर में श्रीराम कथा के दूसरे दिन राम के नाम को कर्तव्य का पूरक बताया। कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी महराज जी ने कलियुग में भव सागर पार करने का मंत्र राम के रूप में दिया है। वास्तव में इस मंत्र को जपने का आशय यह है कि अपनी बुद्वि को निर्मल रखकर परमात्मा की प्राप्ति करें।
किसी भी ध्येय की प्राप्ति के लिए ज्ञान, भक्ति व कर्म के साथ शरणागति होना पड़ेगा। यदि हमें नदी बचानी है, हमें पर्यावरण बचाना है, हमें अपना शहर सुंदर बनाना है, तो हमें ज्ञान के साथ कर्म की शरण लेनी पड़ेगी। कर्मघाट में कभी विश्राम नही होता।
उन्होंने कहा कि संशय भरी बुद्वि से विवेक का जन्म नही हो सकता। माता पार्वती की बुद्वि निर्मल है, जबकि मां सती की बुद्वि में संशय है। इसलिए माता पार्वती की पूजा की जाती है। नदियों को बचाने के लिए हम सबको अपने मन के साथ कर्म के लिए भी तैयार करना होगा।
उन्होंने कहा कि बुद्वि ही मनुष्य को भगवान की पहचान कराने वाली है। बुद्वि श्रद्वा युक्त हो जाए तो वह भगवान को प्राप्त करा देती है। तर्क से भगवान को नही पाया जा सकता। केवल कान से कथा नही सुन सकते। मन, बुद्वि के साथ जब कान एकाकार होते हैं तभी कथा मन के अंदर प्रवेश कर आनंद देती है। जब यह संदेह से युक्त होती हे तो यह परमात्मा से दूर कर देती है। विज्ञान के कारण प्रदूषण बढ रहा है, विज्ञान जीवनदायी व विनाशक दोनों है। हमें निर्णय करना होगा कि वास्तव में सही क्या है।
इस दौरान कथा की व्यवस्था का कार्य अखिलेश अवस्थी, सत्ता बाबा, स्वामी गंगासागर जी व संत धर्मदास देख रहे हैं। परिक्षेत्र के सैकड़ों संत व स्थानीय लोग कथा के श्रवण का कार्य करते रहे।

No comments:

Post a Comment